Operation Sindoor: नई दिल्ली/इस्लामाबाद: भारत की ओर से चलाए गए खुफिया और सटीक सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की गूंज अब दुश्मन की सरहद के भीतर तक सुनाई दे रही है। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान की धरती पर जो कार्रवाई की, उसका असर इतना जबरदस्त था कि (Operation Sindoor)अब खुद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसकी पुष्टि कर दी है।
वीडियो में कबूला शहबाज का सच
एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पाक पीएम शहबाज शरीफ पाकिस्तान सेना के अधिकारियों से बातचीत करते हुए इस बात को मानते नजर आ रहे हैं कि 9 और 10 मई की दरम्यानी रात, भारत ने पाकिस्तान में कई अहम ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया।
शहबाज ने खुद बताया कि उन्हें रात करीब 2:30 बजे सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर का सिक्योर फोन कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि भारत ने मिसाइलें लॉन्च की हैं— जिनमें से एक नूर खान एयरबेस पर गिरी और बाकी पाकिस्तानी सीमावर्ती क्षेत्रों में।
पाकिस्तान खुद कर रहा भारत की ताकत का ऐलान
इस वीडियो को भाजपा नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए लिखा…”शहबाज शरीफ की स्वीकारोक्ति इस बात का सबूत है कि ऑपरेशन सिंदूर कितना गहरा, सटीक और साहसी था। पाकिस्तान का प्रधानमंत्री आधी रात को भारत के हमले की खबर से जागता है— इससे बड़ा संदेश क्या हो सकता है?”
पाकिस्तान की झूठी कहानी खुद ढही
जहां एक ओर शहबाज शरीफ सच स्वीकार कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार संसद में खड़े होकर एक झूठे और एडिटेड अखबार की हेडलाइन का हवाला देकर दावा करते हैं कि “पाकिस्तान ने भारत पर जीत हासिल की है।”
लेकिन उनकी यह कहानी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पाकिस्तान का ही प्रतिष्ठित अखबार ‘डॉन’ और भारत की PIB फैक्ट चेक यूनिट ने इस दावे को फर्जी और मनगढ़ंत करार दे दिया। अमित मालवीय ने डार का वीडियो शेयर कर बताया कि किस तरह पाकिस्तान की सरकार अपने ही लोगों को गुमराह कर रही है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत का सटीक और सर्जिकल प्रहार
भारत की तरफ से चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर एक गुप्त, हाई-प्रिसिजन मिशन था, जिसका मकसद पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाना था। सेना के सूत्रों के अनुसार, यह मिशन बिना किसी नुकसान के अंजाम तक पहुंचाया गया, और टारगेट किए गए सभी ठिकाने पूरी तरह नष्ट कर दिए गए।
अब जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खुद इस मिशन की पुष्टि कर रहे हैं, यह साफ है कि भारत न सिर्फ कूटनीतिक मोर्चे पर बल्कि सैन्य ताकत से भी पूरी तरह तैयार है।
पाकिस्तान के झूठ का अंत, भारत की रणनीति का उदय
भारत का ऑपरेशन सिंदूर न केवल सैन्य रूप से सफल रहा बल्कि उसने पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा और झूठ की चादर भी उधेड़ कर रख दी है। अब दुनिया देख रही है कि सच्चाई क्या है और ताकत किसके पास है। पाकिस्तान की तरफ से फैलाए जा रहे झूठे दावे जब उनके ही नेताओं की जुबान से झूठलाए जाने लगे, तो समझिए खेल खत्म होने वाला है।


















































