Rajasthan Politics: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है। जहां एक तरफ मौजूदा सरकार के मंत्री सुर्खियों में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का एक वीडियो जबरदस्त वायरल हो रहा है। (Rajasthan Politics)पाली जिले के बाली उपखंड के बारवा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंची राजे का रास्ते में कई स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ, जिससे उनके बढ़ते जनाधार और राजनीतिक सक्रियता की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बीजेपी कार्यकर्ता ने की दोबारा मुख्यमंत्री बनने की अपील
स्वागत के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने वसुंधरा राजे से दोबारा मुख्यमंत्री बनने की अपील कर दी। कार्यकर्ता अनिल, जो बीजेपी मंडल के मंत्री हैं, ने कहा – “मैडम, आप दोबारा सीएम बन जाओ।” इस पर वसुंधरा राजे ने सीधा-सीधा इंकार नहीं किया, बल्कि मुस्कुराते हुए जवाब दिया – “मेरे हाथ में है क्या?” उनका यह बयान सियासी हलकों में नए कयासों को जन्म दे रहा है।
मुस्कान के पीछे छिपा राजनीतिक संदेश?
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वसुंधरा राजे की मुस्कान और उनका जवाब यह संकेत देता है कि वह अभी भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया, लेकिन उनका जवाब यह इशारा जरूर करता है कि इस फैसले की चाबी भाजपा आलाकमान के हाथों में है।
स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात
अपने दौरे के दौरान वसुंधरा राजे ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और उनके हालचाल जाने। जनता के बीच उनकी लोकप्रियता अभी भी बरकरार है, जिसका अंदाजा स्वागत समारोह में उमड़ी भारी भीड़ से लगाया जा सकता है। राजस्थान की आगामी राजनीतिक समीकरणों में यह दौरा कितना प्रभावशाली रहेगा, यह आने वाले समय में साफ होगा।


















































