SFJ के संस्थापक पन्नू की धमकी
एक वीडियो संदेश में पन्नू ने कपिल शर्मा को चेतावनी दी, “कनाडा तुम्हारा खेल का मैदान नहीं है। अपनी कमाई हिंदुस्तान वापस ले जाओ।” उन्होंने कपिल पर हिंदुत्व विचारधारा के प्रचार का आरोप लगाया। पन्नू का दावा था कि रेस्टोरेंट के जरिए राष्ट्रवादी विचारधारा को बढ़ावा देने की “बड़ी साजिश” रची जा रही है।
गोलीबारी और आतंक का संदेश
धमकी के कुछ ही घंटे बाद ब्रिटिश कोलंबिया के सरे स्थित Cups Café पर बुधवार रात अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना ने साफ कर दिया कि कनाडा में कट्टरपंथी संगठनों का नेटवर्क मजबूत हो चुका है। इसके तुरंत बाद बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने जिम्मेदारी ली।
बीकेआई और एनआईए की जांच
भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पहले से ही BKI और SFJ के खिलाफ जांच कर रही है। बीकेआई के आतंकियों हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह ने सार्वजनिक रूप से गोलीबारी की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि “यह सिर्फ एक चेतावनी है।” मंत्रालय के मुताबिक पन्नू पर 104 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे भारत में वांछित घोषित किया गया है।
कनाडा में भारतीय मूल के लोगों पर बढ़ते हमले
हाल के महीनों में कई भारतीय मूल के कारोबारी, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक कार्यक्रम कट्टरपंथी संगठनों के निशाने पर आए हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ कारोबारी प्रतिद्वंद्विता नहीं बल्कि राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक विचारधारा पर हमला है।
भारतीय एजेंसियों ने कनाडा सरकार से इन संगठनों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कई प्रवासी भारतीय समुदाय के नेता यह सवाल उठा रहे हैं कि कब तक कट्टरपंथ के नाम पर आतंक को नजरअंदाज किया जाएगा।


















































