New Year 2026: साल बदले हैं, कैलेंडर की तारीख पलटी है, लेकिन आस्था की डोर वही है जो हर नए सवेरे इंसान को उम्मीद से जोड़ती है। जब पूरी दुनिया आतिशबाज़ी, संगीत और जश्न में डूबी है, तब भारत में नए साल की पहली सुबह भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आ रही है। आधी रात के जश्न के बाद जैसे ही सुबह की पहली किरण फूटी, मंदिरों के द्वार खुल गए और घंटियों की आवाज़ के साथ लोगों की कतारें लग गईं। कोई सुख-समृद्धि की कामना कर रहा है, तो कोई बीते साल की गलतियों के लिए क्षमा मांगते हुए नए साल की शुरुआत अपने आराध्य के चरणों में कर रहा है। (New Year 2026)नए साल का स्वागत भारत में सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और नई शुरुआत का संकल्प बन गया है।
अयोध्या और काशी में आस्था की परीक्षा
अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें दो किलोमीटर से ज्यादा लंबी हैं। वहीं काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार तक पहुंचने के लिए तीन किलोमीटर तक बैरिकेडिंग की गई है। भीड़ इतनी ज्यादा है कि दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 10 सेकेंड से भी कम समय मिल पा रहा है, लेकिन इसके बावजूद चेहरों पर थकान नहीं, बल्कि संतोष और श्रद्धा साफ नजर आ रही है।
राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, अन्नपूर्णा मंदिर, अंगद टीला, रामपथ और सरयू घाट पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी हुई है। दूसरी ओर, वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज रहा है। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के जोश में कोई कमी नहीं है।
GEN Z भी भक्ति के रंग में रंगी
खास बात यह है कि इस बार नई पीढ़ी यानी GEN Z भी बड़ी संख्या में मंदिरों में नजर आ रही है। सोशल मीडिया की पीढ़ी कही जाने वाली यह युवा जमात नए साल के पहले दिन भोलेनाथ, रामलला और श्याम बाबा के जयकारों के साथ भक्ति में डूबी दिखाई दे रही है। वाराणसी के घाटों से लेकर मंदिरों तक हर तरफ युवाओं की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि आस्था की जड़ें आज भी उतनी ही मजबूत हैं।
आंकड़ों की बात करें तो साल 2025 में ही 15 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं, और नए साल के मौके पर इस बार वाराणसी में सामान्य दिनों से करीब 10 गुना ज्यादा भीड़ दर्ज की जा रही है।
जयपुर में भी नए साल की सुबह भक्ति से शुरू
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी नए साल का आगाज आस्था के साथ हुआ। सुबह तड़के ही गोविंद देव जी मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंगला आरती से लेकर श्रृंगार आरती तक मंदिर परिसर “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में परिवार अपने बच्चों के साथ नए साल की शुरुआत ठाकुर जी के दर्शन से करते नजर आए।
इसके अलावा मोती डूंगरी गणेश मंदिर, ताड़केश्वर महादेव मंदिर, गलता जी, काले हनुमान जी मंदिर और सांगानेरी गेट गणेश मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। ताड़केश्वर महादेव मंदिर में शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं मोती डूंगरी में गणपति बप्पा से विघ्नहर्ता बनने की प्रार्थना की गई।
सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद
देशभर के मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। ड्रोन कैमरों, CCTV और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कई जगहों पर श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे संयम बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
कुल मिलाकर, साल 2026 की पहली सुबह यह साफ संदेश दे गई कि भारत में नया साल सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और ईश्वर से जुड़ने का अवसर भी है। आतिशबाज़ी की चमक से पहले यहां मंदिरों की घंटियों की गूंज नए साल का असली स्वागत कर रही है।


















































