Rajasthan News: जयपुर के पत्रिका गेट, जवाहर सर्कल पर विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन बापू नगर सेवा केंद्र (जयपुर म्यूजियम) द्वारा ब्रह्माकुमारीज़ के शिपिंग, एविएशन एवं टूरिज्म विंग (SAT Wing) के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक पत्रिका गेट के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम ने धरोहर संरक्षण के संदेश को और प्रभावी बनाया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी जयंती दीदी ने कहा कि ऐतिहासिक, (Rajasthan News)सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरें हमारी पहचान हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
ब्रह्माकुमारी पदमा बहन ने उपस्थित लोगों को धरोहर संरक्षण की प्रतिज्ञा दिलाई और राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि जैसे बाहरी धरोहरों की रक्षा जरूरी है, वैसे ही शांति, सुख, प्रेम, शक्ति और खुशी जैसी आध्यात्मिक धरोहरों को भी संजोकर रखना चाहिए।
मेडिटेशन सत्र के दौरान सभी ने विश्व में शांति, प्रेम और सकारात्मकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी भावना बहन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन बाहरी विरासत के साथ आंतरिक मूल्यों को सहेजने का प्रेरणादायक संदेश देकर संपन्न हुआ।

















































