CCI Jaipur event: जयपुर। आमतौर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों की चर्चा होती है, लेकिन गुरुवार को मालवीय नगर ए-ब्लॉक स्थित मंशापुरण महादेव मंदिर का परिसर उपभोक्ता अधिकारों और जागरूकता के संदेश से गूंज उठा। कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI), कंज्यूमर्स एक्शन एण्ड नेटवर्क सोसायटी (CANS) और भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के संयुक्त तत्वावधान में यहां एक विशेष उपभोक्ता (CCI Jaipur event)जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘खरीदने से पहले ISI मार्क जरूर देखें’
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजस्थान उच्च न्यायालय के प्रैक्टिसिंग एडवोकेट और भारतीय मानक ब्यूरो के रिसोर्स पर्सन राजकुमार शर्मा ने उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के समय में जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित उपभोक्ता है।” उन्होंने बताया कि BIS ने पर्यावरण संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उत्पादों के लिए मानक तय किए हैं।
उन्होंने जूते-चप्पल, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रिक उपकरण, भवन निर्माण सामग्री, खिलौने, रसोई के बर्तन, एलपीजी सिलेंडर और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों में गुणवत्ता मानकों की अहमियत समझाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी वस्तु की खरीद से पहले आईएसआई मार्क अवश्य जांचें।
ग्रीन वॉशिंग और फॉल्स अर्जेंसी से रहें सावधान
सीसीआई की कार्यकारिणी सदस्य जया शर्मा ने उपभोक्ता संरक्षण कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि आजकल कंपनियां ‘ग्रीन वॉशिंग’ और ‘हेल्थ वॉशिंग’ जैसे तरीकों से ग्राहकों को भ्रमित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘फॉल्स अर्जेंसी’ यानी नकली ऑफर और सीमित समय का दबाव बनाकर ग्राहकों को जल्दबाजी में खरीदारी के लिए उकसाया जाता है।
उन्होंने ऑर्गेनिक उत्पाद खरीदते समय प्रमाणन जांचने और किसी भी प्रकार की ठगी या गलत उत्पाद मिलने पर शिकायत दर्ज कराने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
स्थानीय समिति और कॉलोनी वासियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम को मालवीय नगर ए-ब्लॉक विकास समिति के अध्यक्ष शंकर गोयल और मंशापुरण महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष वैद्य भास्कर शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कॉलोनी स्तर पर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।
वरिष्ठ पत्रकार राखी सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी वासियों ने अपनी उपभोक्ता संबंधी समस्याएं साझा कीं और विशेषज्ञों से मौके पर ही समाधान प्राप्त किया।
जागरूकता ही असली सुरक्षा
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि उपभोक्ता अधिकार केवल कानूनी किताबों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर नागरिक की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं। मंदिर जैसे सामुदायिक स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने जागरूकता को एक जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।

















































