Budget Session 2026: राजस्थान का बजट 11 फरवरी को विधानसभा में पेश किया जा सकता है, हालांकि इसकी अंतिम तारीख पर फैसला बुधवार को होने वाली विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (BAC) की बैठक में लिया जाएगा। विधानसभा से जारी बुलेटिन के अनुसार बजट सत्र की(Rajasthan Assembly) तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सरकार समयबद्ध तरीके से बजट पारित कराने की रणनीति पर काम कर रही है।
28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र
विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के समाप्त होने के करीब आधे घंटे बाद सदन की कार्यवाही शुरू होगी। इस दौरान विधायक संबंधी कार्यों के निपटारे के बाद दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद गुरुवार तक विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
29 जनवरी से विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। 31 जनवरी को शनिवार और 1 फरवरी को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा। चार दिनों तक चलने वाली बहस के बाद 3 फरवरी को सरकार की ओर से जवाब दिए जाने की संभावना है। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही में लगभग एक सप्ताह का अंतराल दिया जा सकता है और 11 फरवरी तक सदन स्थगित रहने के आसार हैं।
ओएमआर शीट गड़बड़ी पर गरमाएगा सदन
बजट सत्र के दौरान सदन के हंगामेदार रहने की पूरी संभावना है। ओएमआर शीट गड़बड़ी मामले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने नजर आएंगी। इस मुद्दे पर पहले से ही मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री सहित दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज है। कांग्रेस इस मामले में सरकार को घेरने की रणनीति बना चुकी है।
बीजेपी ने बजट सत्र से एक दिन पहले विधायक दल की बैठक बुलाकर कांग्रेस के संभावित हमलों का जवाब तय करने की तैयारी कर ली है। वहीं कांग्रेस ने भी बुधवार शाम 6 बजे विधायक दल की बैठक आयोजित की है, जिसमें सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
पंचायत चुनाव के चलते छोटा हो सकता है सत्र
इस बार विधानसभा का बजट सत्र अपेक्षाकृत छोटा रह सकता है। मार्च में होने वाले पंचायतीराज और निकाय चुनावों को देखते हुए सरकार बजट को जल्द पारित कराने के मूड में है। संभावना है कि मार्च के पहले सप्ताह तक बजट पास कराकर सदन स्थगित कर दिया जाए।
बजट सत्र से पहले विधानसभा में सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की गई। स्पीकर वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कांग्रेस ने भरोसा दिलाया कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामा नहीं किया जाएगा। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि वे शांतिपूर्वक राज्यपाल का अभिभाषण सुनेंगे।


















































