
Ram Navami 2025: सनातन संस्कृति में भगवान श्रीराम केवल एक नाम नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग और धर्म का प्रतीक हैं। उनके आदर्शों पर चलना हर भक्त के लिए परम लक्ष्य होता है। चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसे हम राम नवमी के रूप में जानते हैं। हर साल यह पर्व भक्तों के लिए खास होता है, लेकिन 2025 की राम नवमी अद्भुत और दिव्य संयोग लेकर आ रही है।
इस बार राम नवमी 6 अप्रैल 2025 को मनाई जाएगी, जिसका शुभारंभ 5 अप्रैल को शाम 7:26 बजे से ही हो जाएगा। इस पावन अवसर पर राम भक्तों के लिए विशेष अनुष्ठान और पूजन के योग बन रहे हैं। (Ram Navami 2025) कहते हैं, अयोध्या के राजा रामलला के जन्मोत्सव पर आकाश से भी देवगण पुष्प वर्षा करते हैं। इस दिन मंदिरों में श्रीराम को पालने में झुलाने की परंपरा होती है और उन्हें उनके प्रिय व्यंजनों का भोग लगाया जाता है। यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि धर्म और भक्ति का महासंगम होता है, जो हर राम भक्त के जीवन को धन्य कर देता है।
राम नवमी 2025…क्यों बन रही है अद्भुत स्थिति?
शास्त्रों के अनुसार, जब भी सूर्य और पुष्य नक्षत्र का संयोग बनता है, तो वह विशेष फलदायी होता है। 2025 की राम नवमी पर यह संयोग 6 अप्रैल को रहेगा, जिससे इस दिन भगवान श्रीराम की पूजा और भी प्रभावशाली होगी। इस दिन कोई भी शुभ कार्य जैसे गृह प्रवेश, नया व्यापार शुरू करना, विवाह, जनेऊ संस्कार या अन्य मांगलिक कार्य करना अत्यंत लाभकारी होगा।
राम नवमी की विशेष पूजन-विधि, ऐसे करें श्रीराम को प्रसन्न!
भगवान श्रीराम की पूजा विधि बहुत सरल है, लेकिन कुछ नियमों का पालन करने से इसका प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है। इस पावन दिन पर श्रद्धालु व्रत रखते हैं और पूरे विधि-विधान से श्रीराम की पूजा करते हैं।
स्नान कर शुद्ध वस्त्र पहनें और व्रत का संकल्प लें।
पूजा स्थल को गंगाजल से शुद्ध करें और एक लाल कपड़ा बिछाकर भगवान श्रीराम की मूर्ति या चित्र स्थापित करें। फूल, चंदन, अक्षत और गंगाजल से भगवान का अभिषेक करें और भगवान श्रीराम को उनके प्रिय व्यंजन जैसे खीर, पंचामृत, फल और तुलसी पत्र का भोग लगाएं। रामचरितमानस का पाठ करें और श्रीराम की आरती करें। जरूरतमंदों को भोजन व वस्त्र दान करें, जिससे पुण्य लाभ प्राप्त हो।
अयोध्या में भव्य तैयारियां, रामलला का होगा सूर्य तिलक!
अयोध्या में इस बार की राम नवमी बेहद भव्य तरीके से मनाई जाएगी। श्रीराम जन्मभूमि पर विशेष रामलला अभिषेक और सूर्य तिलक का आयोजन होगा। ऐसा माना जाता है कि सूर्य तिलक से भगवान श्रीराम की कृपा हजारों गुना बढ़ जाती है और हर भक्त को इसका लाभ मिलता है।
भगवान श्रीराम का यह दिव्य जन्मोत्सव भक्तों के लिए अत्यंत शुभ अवसर लेकर आ रहा है। इस दिन पूरे देश में भव्य आयोजन होंगे, अयोध्या नगरी रोशनी से जगमगा उठेगी और लाखों श्रद्धालु श्रीराम के दर्शन कर धन्य होंगे। तो आइए, इस पावन पर्व पर श्रीराम की पूजा-अर्चना कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें!
यह भी पढ़ें: रहस्यमयी तरीके से जले नोट, हाई कोर्ट जज के घर के पास सनसनी, क्या कोई बड़ा घोटाला छिपाने की कोशिश?
यह भी पढ़ें: चित्तौड़गढ़ से उठी आक्रोश की लपटें! सीएम भजनलाल बोले…’अपमान करने वालों को मिलेगी सजा’