Independence Day 2025: भारत आज़ादी का 78वां पर्व मना रहा है। हर ओर तिरंगे की रौनक है, स्कूलों में देशभक्ति के गीत गूंज रहे हैं, और नेता भावुक भाषणों में आज़ादी की महानता का बखान कर रहे हैं। लेकिन इसी माहौल में एक सवाल अब भी मौन खड़ा है — क्या यह देश वाकई हर भारतीय को आज़ादी दे पाया है? या 15 अगस्त सिर्फ एक रस्म बनकर रह गया है?
आइए आज इस दिन आत्ममंथन करें — 1947 में मिली राजनीतिक (Independence Day 2025)आज़ादी के बाद हमने किन-किन मोर्चों पर सच्ची आज़ादी हासिल की, और कहाँ हम अब भी गुलामी की जंजीरों में जकड़े हैं?
1. भ्रष्टाचार – देश की रगों में ज़हर
भारत का प्रशासनिक तंत्र आज भी भ्रष्टाचार से कराह रहा है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की 2024 की रिपोर्ट में भारत भ्रष्टाचार सूचकांक में 93वें स्थान पर है। सरकारी दफ्तरों में फाइलें तभी चलती हैं जब ‘पैसे’ चलते हैं। गरीब की योजनाएं अमीरों के अकाउंट में चली जाती हैं।
2. गरीबी – आंकड़ों से नहीं, सड़कों से देखिए
सरकारें भले आंकड़ों में गरीबी घटा दें, लेकिन झुग्गियों में सड़ता बचपन, रेल स्टेशन पर भीख मांगते बुजुर्ग और कूड़ा बीनते बच्चे कुछ और ही कहानी कहते हैं। NITI Aayog की रिपोर्ट के अनुसार आज भी 20 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे जी रहे हैं।
3. अस्पृश्यता और जातिवाद ….संविधान से नहीं, व्यवहार से हटे
आज भी दलित युवक को मंदिर में घुसने पर पीटा जाता है, स्कूलों में बच्चों को अलग बिठाया जाता है। NCRB के अनुसार 2023 में दलितों पर अत्याचार के 50,000 से अधिक मामले दर्ज हुए।
4. अपराध और कानून व्यवस्था – भय मुक्त नहीं है भारत
हर 16 मिनट में एक महिला के साथ दुष्कर्म होता है। NCRB की रिपोर्ट बताती है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में 28% की बढ़ोत्तरी हुई है। न्याय में देरी, एफआईआर दर्ज न होना, और पुलिस का पक्षपात — ये सब आम हो चला है।
5. बेरोज़गारी – डिग्रियां हैं, नौकरी नहीं
CMIE के अनुसार जुलाई 2025 में बेरोज़गारी दर 8.6% रही। लाखों युवा रोज़गार के लिए दर-दर भटक रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होना आम बात हो गई है।
6. महिला सुरक्षा – बेटियां आज भी डरती हैं
हर साल हजारों लड़कियां स्कूल छोड़ देती हैं क्योंकि रास्ते असुरक्षित हैं। कामकाजी महिलाएं रोज़ यौन उत्पीड़न का सामना करती हैं। क्या आज़ादी का मतलब सिर्फ बोलने की नहीं, जीने की भी आज़ादी नहीं होना चाहिए?
7. स्वास्थ्य सेवाएं – इलाज नहीं, इंतज़ार मिलता है
WHO की रिपोर्ट बताती है कि भारत में प्रति 1000 नागरिकों पर 0.9 डॉक्टर हैं। सरकारी अस्पतालों में न दवा है, न डॉक्टर। गरीब इलाज के लिए अपनी जमीन तक बेच देता है, फिर भी जान बच नहीं पाती।
8. शिक्षा में असमानता – स्मार्ट क्लास बनाम मिट्टी का स्कूल
ग्रामीण भारत में 30% स्कूलों में न टॉयलेट है, न लाइब्रेरी। शहरी और ग्रामीण बच्चों के बीच डिजिटल और गुणवत्तात्मक खाई दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।
9. सूचना और अभिव्यक्ति की आज़ादी – डर और सेंसरशिप का दौर
RTI एक्ट को कमजोर किया गया, पत्रकारों पर हमले बढ़े हैं। प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में भारत 159वें स्थान पर फिसल चुका है। अब सवाल पूछना भी देशद्रोह ठहराया जाता है।
10. धार्मिक सौहार्द – नफरत का बाजार गर्म
धर्म के नाम पर भीड़ मार देती है, मंदिर-मस्जिद पर राजनीति होती है। संवैधानिक धर्मनिरपेक्षता अब नेताओं के भाषणों में खो गई है। धार्मिक पहचान के नाम पर नागरिकता, अधिकार और रोजगार तक प्रभावित हो रहे हैं।
11. जल संकट और पर्यावरण – विकास की कीमत, विनाश से चुकाई
2025 की सरकारी रिपोर्ट कहती है कि देश के 60% भूजल स्रोत या तो खत्म हो चुके हैं या प्रदूषित हैं। 6 शहरों की हवा सांस लेने लायक नहीं रही। पेड़ कट रहे हैं, लेकिन योजना “ग्रीन इंडिया” की फाइलें धूल खा रही हैं।
12. राजनीतिक शुचिता…अपराधी अब संसद में
2024 में चुने गए 42% सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं। राजनीति अब “जन सेवा” नहीं, “व्यक्तिगत लाभ” का साधन बन गई है। नैतिकता और जवाबदेही जैसे शब्दों को राजनीति ने अलविदा कह दिया है।
13. बुनियादी सुविधाएं – शहर चमकते हैं, गांव अंधेरे में हैं
पीने का पानी, बिजली, शौचालय, पक्की सड़क….ये सब आज भी भारत के करोड़ों लोगों के लिए सपना हैं। PM Awas Yojana की आधी योजनाएं कागज़ों पर ही रह गई हैं।
78 साल बाद भी यदि एक किसान आत्महत्या करता है, एक युवती छेड़खानी के डर से स्कूल छोड़ती है, एक दलित मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकता, और एक बेरोज़गार डिग्री लेकर ठेला लगाता है — तो क्या ये आज़ादी पूर्ण है?
15 अगस्त पर तिरंगा लहराना जरूरी है, पर उससे पहले ज़रूरी है खुद से यह सवाल करना — क्या हर भारतीय तिरंगे जितना ऊंचा, स्वतंत्र और सुरक्षित है?
जब तक इस सवाल का उत्तर ‘हां’ नहीं, तब तक आज़ादी अधूरी है। अब लड़ाई सत्ता से नहीं, सोच से है। अब स्वतंत्रता दिवस नहीं, आत्ममंथन दिवस मनाने का वक्त है।
स्वतंत्रता दिवस विशेष रिपोर्ट
अपडेट्स के लिए जुड़े रहें www.bodhsaurabh.com


















































