कौन हैं ओपल सुचाता चुआंग्सरी?
ओपल एक मॉडल, छात्रा और मानवता की सच्ची समर्थक हैं। वह अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई कर रही हैं और भविष्य में राजदूत बनने का सपना देखती हैं। उन्हें मनोविज्ञान और मानव विज्ञान में गहरी रुचि है – और शायद इसीलिए वह दूसरों के दर्द को इतनी शिद्दत से समझती हैं।
16 साल की उम्र में सर्जरी
ओपल की ज़िंदगी का सबसे कठिन मोड़ तब आया, जब वह केवल 16 साल की थीं और उन्हें एक ब्रेस्ट सर्जरी से गुजरना पड़ा। उस उम्र में जब लड़कियां अपने सपनों को आकार देना शुरू करती हैं, ओपल अपने अस्तित्व और आत्म-सम्मान के लिए संघर्ष कर रही थीं। लेकिन इस दर्द ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि दूसरों के लिए उम्मीद की वजह बना दिया। उन्होंने स्तन कैंसर से लड़ने वाले मरीजों के लिए वॉलंटियर के रूप में काम किया। एक कैंसर सर्वाइवर ने उनसे कहा, “आप मेरी प्रेरणा थीं,” और यही पल ओपल के लिए सबसे गर्व का क्षण बना।
गिटार, बिल्लियां और जिंदगी की सादगी
ओपल में अनोखी खूबियों की भी कोई कमी नहीं। वह गिटार को उल्टा बजाने में माहिर हैं – और उनके पास 16 बिल्लियां और 5 कुत्ते हैं! जानवरों के प्रति उनका यह प्यार दिखाता है कि उनके अंदर संवेदनशीलता और करुणा कूट-कूट कर भरी है।
उनका जीवन मंत्र है – “यदि आपके जीने की वजह से कोई और जीवन आसानी से सांस ले पाया, तो यही असली सफलता है।”
भारत की उम्मीदें टूटीं
मिस वर्ल्ड 2025 के लिए भारत की नंदिनी गुप्ता से देश को बहुत उम्मीदें थीं। लेकिन दुर्भाग्य से वह कॉन्टिनेंटल टॉप-2 से बाहर हो गईं और भारत एक बार फिर ताज से चूक गया। यह सातवीं बार है जब भारत खिताब के करीब पहुंचकर रह गया।
हालांकि, भारत अब भी इस मंच पर सबसे ज़्यादा बार (6 बार) जीत दर्ज करने वाला देश है —
-
रीता फारिया (1966)
-
ऐश्वर्या राय (1994)
-
डायना हैडन (1997)
-
युक्ता मुखी (1999)
-
प्रियंका चोपड़ा (2000)
-
मानुषी छिल्लर (2017)
भारत के साथ केवल वेनेजुएला ही इस रिकॉर्ड की बराबरी कर पाया है।
टॉप-4 में कौन-कौन?
मिस वर्ल्ड 2025 के फिनाले में जब अंतिम चार नाम सामने आए, तो दुनिया की नजरें मंच पर टिक गईं।
-
4th Place: मिस मार्टीनिक
-
3rd Place: मिस पोलैंड
-
2nd Place: मिस इथियोपिया
-
Winner: ओपल सुचाता चुआंग्सरी – थाईलैंड
हर फाइनलिस्ट से एक सवाल पूछा गया, और ओपल का उत्तर न केवल तार्किक था, बल्कि दिल से था — शायद इसीलिए वो सिर्फ जजों की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की पसंद बन गईं।
ओपल की जीत, हर लड़की की उम्मीद
ओपल की कहानी उन सभी लड़कियों के लिए एक रौशनी है, जो अपनी असुरक्षा, समाज के दबाव और शारीरिक बदलावों से जूझ रही हैं। उन्होंने यह साबित कर दिया कि सच्ची सुंदरता न सर्जरी में है, न मेकअप में — वो होती है हिम्मत, करुणा और आत्म-विश्वास में।
अब जब ताज थाईलैंड गया है, भारत की नजरें अगली मिस वर्ल्ड पर टिकी हैं। लेकिन ओपल की कहानी हर भारतीय दिल में भी गूंज रही है – एक सच्चे विजेता की तरह।


















































