
Monsoon Session 2025: नई दिल्ली। संसद का बहुप्रतीक्षित मानसून सत्र 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी घोषणा की, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी भी मिल चुकी है।(Monsoon Session 2025) इस बार का सत्र खास रहने वाला है क्योंकि मोदी सरकार करीब 16 विधेयक पेश करने की योजना बना रही है। इनमें 8 नए बिल और 8 पुराने विधेयक शामिल होंगे।
सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक
सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले, 20 जुलाई को सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में मानसून सत्र के एजेंडे और विधेयकों पर चर्चा की जाएगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते 13 और 14 अगस्त को सदन की कार्यवाही नहीं होगी।
ये प्रमुख विधेयक हो सकते हैं पेश
मर्चेंट शिपिंग बिल – समुद्री व्यापार और शिपिंग नियमों को आधुनिक बनाने का प्रयास। इंडियन पोर्ट्स बिल 2025 – देश के बंदरगाह प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए। तटीय नौवहन विधेयक – तटीय क्षेत्रों में नौवहन गतिविधियों को नियमित करना। नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल – खेल प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना। नेशनल एंटी-डोपिंग संशोधन बिल – खेलों में डोपिंग पर सख्ती। मणिपुर GST बिल – मणिपुर में जीएसटी के विशेष प्रावधान। IIM संशोधन बिल – भारतीय प्रबंधन संस्थानों से जुड़े बदलाव। टैक्सेशन संशोधन बिल – टैक्स कानूनों को सरल और पारदर्शी बनाना।
इसके अलावा कुछ पुराने विधेयक भी इस सत्र में चर्चा के लिए लाए जाएंगे। मोदी सरकार का फोकस आर्थिक और प्रशासनिक सुधारों को आगे बढ़ाना है।
सत्र के दौरान विपक्ष भी अपनी रणनीति बनाने में जुटा है। माना जा रहा है कि मणिपुर मुद्दा, महंगाई और बेरोजगारी जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की तैयारी होगी।